बिहार की सियासत में इन दिनों कांग्रेस की नई चुनावी रणनीति को लेकर जबरदस्त हलचल मची हुई है। पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने पार्टी की योजनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि महिला कांग्रेस द्वारा पूरे बिहार में 5 लाख महिलाओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण किया जाएगा।
इस सैनिटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर के साथ “माई-बहन मान योजना” का जिक्र है, जिसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने ₹2500 सम्मान राशि देने का वादा किया गया है। कांग्रेस ने इस योजना को महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सहयोग से जोड़ते हुए इसे बड़े स्तर पर प्रचारित करने की तैयारी की है।
हालांकि कांग्रेस की इस पहल पर सियासत गरमा गई है। बीजेपी और जेडीयू ने इस योजना पर तीखा प्रहार किया है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस कदम को महिलाओं का अपमान बताते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ चुनावी फायदे के लिए महिलाओं को इस तरह के प्रचार का साधन बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति अब बेहद निम्न स्तर पर आ गई है।
वहीं, जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए इसे “राजनीतिक दरिद्रता” करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब ऐसी योजनाओं का सहारा लेना पड़ रहा है, जो समाज में गलत संदेश देती है। जेडीयू का कहना है कि यह पूरा अभियान महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यह योजना पूरी तरह महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ी है। उन्होंने दावा किया कि महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सैनिटरी पैड बांटेंगी और साथ ही माई-बहन मान योजना के तहत मिलने वाले ₹2500 प्रति माह की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके साथ ही कांग्रेस ने चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर भी सवाल उठाए हैं। राजेश राम ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में गरीब और दलित वर्ग के नाम जानबूझकर सूची से हटाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की भी घोषणा की है।
बिहार में इस अभियान को लेकर राजनीतिक तापमान तेजी से बढ़ रहा है। जहां एक तरफ कांग्रेस इसे महिलाओं के अधिकारों से जोड़ रही है, वहीं दूसरी ओर एनडीए इस योजना को सस्ती लोकप्रियता पाने का हथकंडा बता रही है।
फिलहाल, यह साफ है कि बिहार में आगामी चुनावों से पहले हर पार्टी नए दांव-पेच आजमा रही है और कांग्रेस का यह सैनिटरी पैड अभियान सियासी चर्चा का बड़ा मुद्दा बन चुका है।
Read Also: चिराग पासवान का बड़ा ऐलान, NDA में सीट शेयरिंग जल्द तय, पिता की जयंती पर होगा खास कार्यक्रम