Bihar Politics: अनंत सिंह बेऊर जेल से रिहा, मोकामा से जेडीयू टिकट पर चुनाव लड़ने का ऐलान
अनंत कुमार सिंह बुधवार को पटना की बेऊर जेल से रिहा हो गए। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया कि...

बिहार के बाहुबली नेता अनंत कुमार सिंह बुधवार को पटना की बेऊर जेल से रिहा हो गए। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया कि वह मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के टिकट पर मैदान में उतरेंगे। इस ऐलान के साथ ही मोकामा विधानसभा क्षेत्र की सियासत गर्मा गई है।
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी फिलहाल मोकामा की वर्तमान विधायक हैं। माना जा रहा है कि इस बार चुनाव में नीलम देवी अपने पति के लिए सक्रिय रूप से प्रचार करेंगी। अनंत सिंह के रिहा होने और चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद मोकामा में उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
अनंत सिंह को हाल ही में पंचमहला फायरिंग केस में जमानत मिली है। यह मामला उनके गैंग और सोनू-मोनू गैंग के बीच हुई गोलीबारी से जुड़ा हुआ है। इस घटना में कई लोग घायल हुए थे, जिसके बाद अनंत सिंह को जेल भेजा गया था।
इससे पहले अनंत सिंह को एके-47 मामले में 10 साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि हाल ही में पटना हाई कोर्ट ने उन्हें इस मामले में बरी कर दिया है, जिससे उनके चुनाव लड़ने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। रिहाई के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में विकास कार्य किए हैं और वह उनके साथ मिलकर काम करेंगे।
अनंत सिंह के चुनाव लड़ने के फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मोकामा सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। अनंत सिंह की छवि एक बाहुबली नेता की रही है, और उनकी वापसी से कई राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।