Bihar Politics: बिहार चुनाव नजदीक, राबड़ी देवी ने SIR व तेजस्वी की सुरक्षा पर उठाए सवाल

बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। हर दिन नई बयानबाजियां और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल रहे हैं।

Aug 4, 2025 - 22:19
 6
Bihar Politics: बिहार चुनाव नजदीक, राबड़ी देवी ने SIR व तेजस्वी की सुरक्षा पर उठाए सवाल

Bihar Politics: बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। हर दिन नई बयानबाजियां और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में आरजेडी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए जनता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

राबड़ी देवी ने सवाल उठाया कि उन चार करोड़ लोगों का क्या जो रोज़गार की तलाश में बिहार से बाहर चले गए हैं? क्या एसआईआर में उनका नाम शामिल होगा या नहीं? उन्होंने कहा कि विधानसभा में आरजेडी इस मुद्दे पर जोरदार विरोध कर रही है और सरकार को इस पर जवाब देना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि एसआईआर केवल कागजी कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर लोगों के अधिकारों और भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि जनता इन सवालों का जवाब चाहती है और चुनाव में इसका असर साफ दिखाई देगा।

तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर राबड़ी देवी ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि अब तक चार बार तेजस्वी यादव को ट्रक से मारने का प्रयास किया जा चुका है। राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि भाजपा और जेडीयू से उनके बेटे की जान को खतरा है।

उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि ये हमले कौन करवा रहा है और क्यों किए जा रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कोई ढिलाई न बरती जाए।

चुनावी माहौल में राबड़ी देवी के इन बयानों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। आरजेडी समर्थक जहां इसे गंभीर मुद्दा मान रहे हैं, वहीं विपक्षी दल इसे चुनावी रणनीति बता रहे हैं। लेकिन इस पूरे विवाद ने बिहार की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है।